कार में लिफ्ट देकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास
फरीदाबाद। शहर में मेट्रो मोड़ के समीप से एक युवती को लिफ्ट देकर एक कार चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू की दी। विरोध जताने पर पिस्टल का भय दिखा कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। उसके कपड़े तक फाड़ डाले। इसी दौरान युवती मौका पाकर आरोपी के चंगुल से छूट कर भाग निकली। युवती के शोर मचाने पर आसपास से गुजर रहे लोगों को आते देख आरोपी कार समेत वहां से फरार हो गया।
पीड़िता ने मामले की शिकायत एनआईटी महिला थाने में दर्ज कराई है। महिला थाना प्रभारी सीमा ने बताया कि युवती फरीदाबाद की रहने वाली हैं। वह गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। वह मंगलवार सुबह ऑफिस जाने के लिए मेट्रो मोड़ पर खड़ी थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार आकर रुकी और गुरुग्राम जाने की बात कह युवती को बैठा लिया। कुछ दूर आगे चलते ही जाम का बहाना बनाकर कार को सैनिक कॉलोनी की तरफ मोड़ दिया और एक खाली मैदान के पास पहुंचकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के विरोध जताने पर कार चालक पिस्टल दिखा कर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इस खींचातानी में युवती के कपड़े भी फट गए। युवती किसी तरह खुद को बचा कर आरोपी के चंगुल से भाग निकली व शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती के शोर सुन कर लोगों को आते देख आरोपी कार समेत वहां से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत लेकर पुलिस मेट्रो मोड़ से सैनिक कॉलोनी तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दावा किया है सीसीटीवी से कुछ फुटेज मिली हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।