संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। थाना अंतर्गत भंगूरी गांव के पास इंडियन आयल कार्पोरेशन की बोलेरो कार चोरी कर ली गई। हालांकि, भागते समय गाड़ी का टायर फट गया और आरोपी उसे क्षतिग्रस्त हालत में छोड़कर फरार हो गए। मामले में सापनकी गांव के रहने वाले जाकिर हुसैन इंडियन आयल कार्पोरेशन में बतौर चालक तैनात है। जाकिर भंगूरी से उमराला (हरियाणा-यूपी बॉर्डर) तक सुपरवाइजर के साथ तेल की पाइपलाइन की सुरक्षा और चेकिंग का काम करता है। 21 मार्च की रात को भंगूरी पाइपलाइन के पास जाकिर अपनी आधिकारिक बोलेरो गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर कुछ देर के लिए नीचे उतरा था। चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई थी। जैसे ही वह वापस आया, उसने देखा कि अज्ञात चोर उसकी गाड़ी लेकर फरार हो चुके हैं।
पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की तत्परता और घेराबंदी के डर से भाग रहे चोरों की गाड़ी का टायर भंगूरी सरकारी स्कूल के सामने अचानक फट गया। टायर फटने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से चोर गाड़ी को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। हथीन थाना पुलिस ने ड्राइवर जाकिर हुसैन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।