जिला शिक्षा अधिकारी ने बोर्ड के तहत आने वाले स्कूलों को दिया है निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सभी सरकारी स्कूलों में सोमवार से प्रार्थना सभा यानी मॉर्निंग असेंबली में श्रीमद्भागवत गीता के श्लोक का पाठ कराया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से हरियाणा बोर्ड के तहत आने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी करीब 350 स्कूल के प्राचार्य को निर्देश दिया गया है। वहीं, श्रीमद्भागवत गीता के श्लोक को अगले सत्र से पाठ्यक्रम में भी शामिल करने की योजना है। विभाग की ओर से यह फैसला आध्यात्मिक और नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनपीई) 2020 के तहत स्मार्ट सिटी व पलवल के सभी जिलों में शुरू करने की योजना है। सरकारी स्कूलों की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को रोजाना गीता का एक श्लोक अर्थ के साथ सुनाया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक स्कूलों में सप्ताह के अंत में श्लोक ऑफ द वीक चुना जाएगा। इसे उस स्कूल के नोटिस बोर्ड पर अर्थ के साथ डिसप्ले किया जाएगा। इसे साथ ही विद्यार्थियों से भी फीडबैक लिया जाएगा।
शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार से हरियाणा बोर्ड के तहत आने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में भी प्रार्थना सभा के दौरान गीता के श्लोकों का पाठ अनिवार्य कर दिया गया है। अजरौदा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य पूनम ने बताया कि इसके माध्यम से नई पीढ़ी में जीवन मूल्यों की समझ विकसित करना है।
वर्जन
जिले के करीब 350 से अधिक स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान श्रीमद्भागवत गीता श्लोक पढ़ना आवश्यक कर दिया गया है। सबकुछ ठीक रहा तो सोमवार से इसे शुरू कर दिया गया जाएगा। - अशोक बधेल, जिला शिक्षा अधिकारी।