जिला स्तरीय शिक्षक शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (आगरा चौक) में विश्व शतरंज दिवस (20 जुलाई) के अवसर पर जिला स्तरीय शिक्षक शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन डाइट जनौली द्वारा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों में रणनीतिक सोच, मानसिक अनुशासन व खेल भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में 40 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया। महिला वर्ग में दीप्ति रावत प्रथम, रेनू शर्मा द्वितीय व निकिता रानी तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग में यशपाल पाराशर ने पहला, प्रशांत सिंह ने दूसरा और मनोज स्वरूप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने की। निर्णायक मंडल में पूजा बिंदल, विष्णु सोरौत व अमित श्रीवास्तव शामिल रहे।