निगम के संयुक्त आयुक्त ने ओल्ड जोन कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर मनाया जन्मदिन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद के ओल्ड जोन के संयुक्त आयुक्त राजेश कुमार ने सोमवार को अपना जन्मदिन ओल्ड जोन कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर सादगी के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
राजेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने जन्मदिन या अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने की परंपरा डालें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके। इस दौरान निगम कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी परिसर में पौधे लगाए और संयुक्त आयुक्त को उनके जन्मदिन की बधाई दी। सभी उपस्थित कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को आगे बढ़ाने और क्षेत्र में हरियाली सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ओल्ड जोन कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।