बल्लभगढ़। नागरिक खाद्य व आपूर्ति विभाग के आउट गोइंग गेट पास पोर्टल में दिक्कत के कारण किसानों को फसल के भुगतान में देरी हो रही है, इस कारण किसान परेशानी का सामना करने को मजबूर हैं। विभाग का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में न तो किसानों को फसल की एवज में भुगतान हो रहा है, न ही फसल को मंडी से उठाकर खरीद एजेंसी के गोदाम में रखने की कवायद की जा रही है। ऐसे में बुधवार को मंडी में जगह न होने के कारण मुख्य द्वार के दोनों तरफ गेहूं रखना पड़ा।
शहर की मंडियों के अलावा केवल बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में करीब दो लाख क्विंटल से अधिक के गेहूं की खरीद हो चुकी है, लेकिन अगर यहां के उठान की बात करें तो पिछले 12 दिनों में केवल 17 हजार क्विंटल ही गेहूं की उठान हो सका है। वहीं जिन किसानों की फसल दो अप्रैल को खरीदी गई थी उनका भुगतान भी नहीं किया जा सका।
खरीद का नहीं मिला पैसा
मैं छह अप्रैल से अब तक करीब सात ट्राली गेहूं मंडी में ला चुका हूं। मेरे गेहूं की खरीद भी हो चुकी है लेकिन अभी तक मंडी में मेरा गेहूं पड़ा है। जहां मुझे बताया गया कि जब गेहूं का उठान हो जाएगा उसके 72 घंटे बाद पैसा मिलेगा।
-धर्मेंद्र, किसान, मोहना
गेट पास में होती है आना-कानी
हमारे पास छह अप्रैल को मंडी में गेहूं लाने के लिए संदेश दिया गया था, लेकिन खेत में फसल होने के कारण हम नहीं पहुंच सके। अब हमारे लिए गेट पास बनाने में आना कानी की जा रही है और हमें पांच-छह दिन बाद बुलाया जा रहा है।
महेश किसान सदपुरा
प्रक्रिया हो सरल
मैं खुद एक किसान हूं, और मेरे मांदकौल गांव में खेत हैं, लेकिन मंडी में गेहूं आने से लेकर गोदाम तक पहुंचने की बहुत जटिल प्रक्रिया है, इसको सरल किया जाना चाहिए, ताकि किसान परेशान न हो।
-सुनील कुमार, प्रधान, बल्लभगढ़ अनाज मंडी
आज से होगा उठान
विभाग की तरफ से गेहूं खरीद एजेंसी को गेहूं उठान करने के लिए बोला गया है,लेकिन उनका ऑनलाइन गेट पास होना बहुत बड़ा मुद्दा बना हुआ है, जो बृहस्पतिवार तक समाप्त होने की उम्मीद है। फिलहाल करीब 16 हजार 990 क्विंटल गेहूं का उठान ही हो सका है।
-ऋषि कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी बल्लभगढ़