फरीदाबाद। बिजली आपूर्ति के मामले में फरीदाबाद की स्थिति आने वाले कुछ सालों में बेहतर होने वाली है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने सेक्टर-58 में 220 मेगावाट का एक बिजली घर (सबस्टेशन) बनाया जा रहा, जो पूरी तरह गैस इंस्यूलेटिड (जीआईएस) आधारित होगा। फिलहाल कोरोना संकट में मजदूर नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक साल 2021 के अंत तक नया बिजली घर काम करना शुरू कर देगा।
स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। गर्मियों में बिजली की बढ़ती डिमांड के मुताबिक बिजली की पूर्ति नहीं होती है। वहीं शहर में नई बसावट की वजह से बिजली की डिमांड भी दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है। सेक्टर-58 के आसपास के इलाके सेक्टर-55, राजीव कॉलोनी, पल्ला, झाड़सैंतली, आदर्श कॉलोनी में बिजली सप्लाई झाड़सैंतली सब स्टेशन से दी जाती है। इन इलाके में कई इंडस्ट्री भी हैं। कई बार फाल्ट होने पर इंडस्ट्री में काम काज ठप हो जाता है, साथ ही शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी काफी परेशानी होती है। इसे देखते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएनएल) की ओर से सेक्टर-58 में नया सब-स्टेशन बनाने का काम किया जा रहा है। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस सब स्टेशन के बनने से क्षेत्र के करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
गैस इंस्यूलेटिड (रोधक) सबस्टेशन की खासियत
जीआईएस के लिए कम जमीन की जरूरत होती है। दूसरे सबस्टेशन में अगर किसी लाइन में साधारण फाल्ट आता है तो उसे ढूंढने के साथ ठीक करने में भी परेशानी नहीं होती है। फरीदाबाद में सबसे अधिक कट ओवरलोडिंग की वजह से लगते हैं। इससे कई बार बड़े फाल्ट भी हो जाते हैं। इसे ठीक करने में घंटों समय लग जाता है। वहीं गैस रोधक सबस्टेशन के शुरू होने से सबस्टेशन स्तर पर ओवरलोडिंग की समस्या दूर हो जाएगी। इसके अलावा ओवरलोडिंग के चलते जिन उपभोक्ताओं को कनेक्शन नहीं मिल पा रहा था। उनको कनेक्शन भी रिलीज किया जा सकेगा।