फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के गांव वजीरपुर मोड़ के पास शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे एक फर्नीचर फैक्टरी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ऊंची लपटों में बदल गईं। लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर इकठ्ठा हो गए। लोगों ने आग देखकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर आग को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी भड़क चुकी थी। आग को बढ़ता देख पलवल से गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 20 गाड़ियों ने शनिवार तड़के 4 बजे आग पर काबू पाया। तब तक फैक्टरी में रखा सामान जल गया और शेड क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में किसी की जान को कोई नुकसान नहीं हुआ। महंगी लकड़ियां व तैयार फर्नीचर के जलने ने करीब एक करोड़ से ज्यादा के नुकसान का अंदाजा लगाया गया है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
गांव वजीरपुर निवासी एलआर शर्मा ने अपनी जमीन पर शेड तैयार कर अनिल भल्ला को किराये पर दे रखा था, जिसमें अनिल भल्ला फर्नीचर का कारोबार करते हैं। शुक्रवार शाम अनिल फैक्टरी से घर चले गए। फैक्टरी में प्रबंधक राजीव कुमार, कबीर व एक अन्य कर्मचारी काम कर रहे थे। राजीव ने रात करीब साढ़े 9 बजे देखा कि फैक्टरी में रखे एक सोफे से धुआं निकल रहा है। कर्मचारियों ने सोफे को उठाकर बाहर फेंकने की कोशिश की। भारी होने के कारण सोफा वहां से नहीं हिला। कुछ ही देर में सोफे से लपटें उठनी शुरू ही गई। फैक्टरी में धुआं भरने लगा। इससे पहले की कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग बढ़ने लगी थी। उन्होंने फैक्टरी से बाहर निकल कर मालिक व अग्निशमक विभाग को मामले की सूचना दी। तब तक गांव वजीरपुर से ग्रामीण रिंकू शर्मा, अनिल शर्मा उर्फ भूरा और एलआर शर्मा बाल्टी से आग को बुझाने की कोशिश करते रहे। फायर कर्मचारियों ने शुरुआत में चार गाड़ियों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन 20 मिनट तक अन्य गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं, गाड़ियों का पानी खत्म हो गया और आग बढ़ती चली गई।
ट्यूबवेल से भरा दमकल की गाड़ियों में पानी
दमकल विभाग की गाड़ियों में पानी खत्म हो जाने पर दोबारा पानी लाने में समय खराब न हो, इसलिए ग्रामीण अनिल शर्मा ने अपने ट्यूबवेल से दमकल की गाड़ियों में पानी का भरना शुरू किया। इस ट्यूबवेल से कई गाड़ियों में पानी भरा गया। फैक्टरी में धुआं अधिक भर जाने के कारण दमकल कर्मचारियों को अंदर जाकर काम करना मुश्किल हो रहा था। कंपनी मालिक अनिल भल्ला का कहना है कि आग लगने के मुख्य कारण का पता नहीं चल पाया। अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण ही आग लगी है।