आठ साल पुरानी है दोनों की दोस्ती
सूरजकुंड थाना क्षेत्र के मेवला महाराजपुर की सतबीर कॉलोनी में किराये पर रहने वाले झारखंड के दुमका निवासी रिजौल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गाड़ी चलाने का काम करता है। उसकी आरोपी मोकस से करीब आठ साल पुरानी दोस्ती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी के घर में इन दिनों गृह कलह चल रहा था। 29 जुलाई की रात करीब दो से तीन बजे के बीच मोकस ने उसे फोन कर होटल से खाना लाने के लिए कहा था। उस समय वह दूसरे काम में व्यस्त था, इसलिए खाना नहीं ला सका। इस पर आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज की और घर के बाहर मिलने के लिए बुलाया।
'अगली बार मिला तो जान से मार दूंगा'
रिजौल ने बताया कि वह घर के बाहर मोटरसाइकिल पर बैठकर इंतजार कर रहा था। कुछ देर बाद मोकस कार से वहां पहुंचा। कार से उतरते ही उसने बिना कुछ कहे उसकी बाईं छाती में जान से मारने की नीयत से पेचकस घोंप दिया। हमला करने के बाद आरोपी ने धमकी दी कि अगली बार मिला तो जान से मार देगा और मौके से भाग गया। घायल ने अपने दोस्त दीपक को फोन किया, जिसने उसे सेक्टर-21 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस का बयान
पीड़ित ने बताया कि मेडिकल जांच में छाती पर पेचकस से लगी गंभीर चोट की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने सर्जरी कर फेफड़े का उपचार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मोकस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।