जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों को एक कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। बदबू इतनी अधिक थी कि लोगों ने इसकी सूचना मकान मालिक के बेटे अरुण को दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरा बाहर से बंद था। इसके बाद तुरंत सूरजकुंड थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो करीब 35 से 40 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में शव की गर्दन पर गहरे कट के निशान और आसपास खून के धब्बे मिले, जिससे तेजधार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि करीब 15-16 दिन पहले मध्य प्रदेश निवासी अनीता नामक महिला ने यह कमरा किराए पर लिया था और आधार कार्ड व मोबाइल नंबर जमा कराया था। मकान मालिक के अनुसार महिला पिछले पांच दिनों से कमरे पर नहीं आई और उसका मोबाइल भी बंद है। मृतक की पहचान अलीगढ़ यूपी निवासी सदाकत के रुप में हुई है। मृतक घरों में वाइट वॉश करने का कार्य करता था। इस घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दे दी है।
पुलिस महिला की तलाश के साथ-साथ उसके मोबाइल नंबर, आधार कार्ड के विवरण और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रजाकत की शिकायत पर महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों तथा पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।