फरीदाबाद। दिवाली के त्योहार पर जरूरतमंदों की मदद कर खुशियां बांटने की पहल करते हुए जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान अधिवक्ता एलएन पाराशर ने शुक्रवार को लॉयर्स चैंबर में कार्यरत कर्मचारियों को मुफ्त राशन वितरित किया। इस दौरान उन्होंने सभी कर्मचारियों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
फरीदाबाद जिला अदालत परिसर स्थित लॉयर्स चैंबर नंबर 382 में आयोजित इस कार्यक्रम में चैंबर बिल्डिंग के सफाई कर्मचारी, यहां की दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारी और अन्य जरूरतमंद लोग शामिल हुए। अधिवक्ता पाराशर पिछले कई वर्षों से लगातार हर महीने जरूरतमंद कर्मचारियों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रहे हैं। राशन किट में पांच किलो आटा, पांच किलो चावल, चीनी, सरसों का तेल, पांच तरह की दालें, चायपत्ती और नमक शामिल था।