वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स की जमकर हुई बिक्री
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक बनी रही और शाम होते-होते खरीदारी के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सोने-चांदी और हीरे के आभूषणों से लेकर कार, दोपहिया वाहन, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और मोबाइल-लैपटॉप तक की जमकर खरीदारी हुई। शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को जाम से जूझना पड़ा।जिले में 1,500 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
एनआईटी-एक बाजार, एनआईटी-पांच, ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, सेक्टर-15, सराय ख्वाजा, सेक्टर-सात और सेक्टर-10 के बाजारों में दिनभर खरीदारों की आवाजाही बनी रही। ग्रेटर फरीदाबाद की वर्ल्ड स्ट्रीट में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजारों में कपड़े, मिठाइयों, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। धनतेरस पर परंपरा के अनुसार बर्तन और सोना-चांदी खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
वाहनों से लेकर फ्लैट की भी हुई बिक्री : कारोबारियों का अनुमान है कि धनतेरस पर शहर में पांच हजार से अधिक वाहनों की बिक्री हुई है। इसके अलावा आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और अन्य सामान की बिक्री को मिलाकर करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। प्रॉपर्टी बाजार में भी धनतेरस का असर देखने को मिला। शुभ दिन होने के कारण काफी संख्या में लोगों ने फ्लैट और प्लॉट की खरीदारी की। कई लोगों ने नए मकान और संपत्ति की बुकिंग भी कराई। एनआईटी एक बाजार के आभूषण विक्रेता सुशांत ने बताया कि आभूषणों की अच्छी बिक्री हुई है। सोने के कम वजन वाले आभूषणों की ज्यादा बिक्री हुई।
-
खरीदारी के साथ जाम ने बढ़ाई परेशानी:
बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। बाटा चौक मेट्रो स्टेशन के पास सर्विस रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बल्लभगढ़ में बस अड्डे के सामने जाम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास, बड़खल फ्लाईओवर, नीलम से बीके चौक, रेलवे रोड, सोहना टी-प्वाइंट से हार्डवेयर चौक और एनआईटी-एक व दो चौक पर भी वाहनों की कतारें लगी रहीं। बाजारों के आसपास पार्किंग की जगह तलाशने में भी लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। कई वाहन चालक भीड़भाड़ वाले रास्तों से निकलने के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाशते नजर आए। कुल मिलाकर धनतेरस पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई, लेकिन खरीदारी के उत्साह के बीच लोगों को यातायात जाम की समस्या से भी दो-चार होना पड़ा।