उच्च शिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालय के प्राचार्यों से मांगा विद्यार्थियों का डाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। घर से 10 किलोमीटर दूर महाविद्यालयों में पढ़ने जाने वाले विद्यार्थियों का मुफ्त बस पास बनाया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से ऐसे विद्यार्थियों का डाटा मांगा है। इसके साथ ही वह 150 किलोमीटर तक प्रदेश में सफर कर सकते हैं। छमाही आधार पर बस पास जारी किए जाएंगे।
फरीदाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न सरकारी एवं मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को बस पास की सुविधा मिलेगी। वहीं, महाविद्यालयों और संस्थानों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को रियायती दर पर बस पास जारी किए जाएंगे।
प्रत्येक वर्ष करीब 10 हजार छात्र होंगे लाभान्वित
जिले के करीब 10 हजार विद्यार्थियों को इससे प्रतिवर्ष लाभ मिलेगा। बस पास स्कूल-महाविद्यालय-संस्था प्राधिकारियों की ओर से प्रत्येक छह महीने पर जारी किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्यालय की ओर से दिशानिर्देश जारी कर दिया गया है। जिस भी महाविद्यालय व शैक्षणिक संस्थान छात्रों के बस पास बनवाना चाहते हैं, उन्हें अपने संस्थान की मान्यता, संबद्धता प्रमाणपत्र की सत्यापित प्रति सहित छात्रों की सूची संबंधित रोडवेज डिपो को उपलब्ध करानी होगी। दस्तावेज की जांच के बाद डिपो के महाप्रबंधक या उनकी ओर से नियुक्त अधिकारी बस पास जारी कर सकते हैं।
वर्जन
निदेशालय की ओर से बस पास बनाने के लिए विद्यार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी जो 10 किलोमीटर दूर से महाविद्यालय में पढ़ने आते हैं।- डॉ. सुनील कुमार, दाखिला संयोजक, खेड़ी गुजरान महाविद्यालय