अलग-अलग बहाने से की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 9 लोगों से 7.52 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने प्रीपेड टास्क, बिजनेस में निवेश, गैन कनेक्शन काटने, परिचित बनकर, न्यूड वीडियो वायरल करने की धमकी देने समेत अन्य बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-55 निवासी सुशील कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 4 सितंबर को अज्ञात ठगों ने इनकी जानकारी के बगैर ही बैंक खाते से 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में मामले का पता चला तो शिकायत पुलिस को दी गई।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत जवाहर कॉलोनी निवासी नरेश कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 25 सितंबर को ठगों ने ईंटें भेजने के नाम पर 19250 रुपये ठग लिए। ऑनलाइन एडवांस पेमेंट के नाम पर रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत डबुआ कॉलोनी की रहने वाली 22 साल की युवती ने दी है। युवती का आरोप है कि 17 अगस्त को ठग ने कॉल की। आरोपी ने परिचित बनकर बात की और मजबूरी बताकर 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में पता चला कि परिचित ने तो कॉल की ही नहीं थी।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत जादूनाथ कॉलोनी निवासी बुजुर्ग कृष्णन ने दी है। इनका कहना है कि 16 सितंबर को ठगों ने गैस कनेक्शन काटने के नाम पर डराया। कनेक्शन चालू रखने के नाम पर लिंक भेजा और 126874 रुपये ठग लिए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-29 के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 22 सितंबर को ठगों ने न्यूड वीडियो कॉल की और स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर वायरल करने की धमकी दी। ऐसा न करने की एवज में 80 हजार रुपये ठग लिए गए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत भारत कॉलोनी निवासी मोहन राय ने दी है। इनका कहना है कि 27 सितंबर को ठगों ने व्हाट्सएप पर पीडीएफ फाइल भेजी। इसे ओपन किया तो बैंक खाते से 95 हजार रुपये कट गए।
सातवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत भूदत्त कॉलोनी निवासी आशूदेव ने दी है। इनका कहना है कि 14 अप्रैल को ठगों ने टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के बहाने 1 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में रिफंड नहीं दिया गया।
आठवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत भाटिया कॉलोनी निवासी युवती ने दी है। युवती का कहना है कि 10 जुलाई को ठगों ने टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के बहाने 81800 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने रिफंड नहीं दिया।
नौवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत भगत सिंह कॉलोनी के रहने वाले भगवंत सिंह ने दी है। इनका आरोप है कि 6 अक्टूबर को ठगों ने फर्जी आर्मी अधिकारी बनकर मकान किराये पर लेने को लेकर बात की। आरोपियों ने पेमेंट करने की बजाय इनसे ही 99995 रुपये ठग लिए।