शेयर मार्केट में निवेश करने पर मुनाफे का झांसा देकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में दो महिलाओं सहित तीन लोगों के साथ करीब 13 लाख रुपये की ठगी हो गई। थाना साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एनआईटी पांच नंबर निवासी सचिन खेरा ने बताया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया था। जिसने उनको शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उन्होंने उनके बताए हुए खाते में करीब चार लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने मुनाफे के पैसे निकालने के लिए कोशिश की, तो उनका खाता बंद कर दिया। जिससे उनको शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई हैं। वही हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 21 डी निवासी कल्पना कपूर ने बताया कि उनके पास एक व्यक्ति ने शेयर मार्केट में निवेश कर लाखों रुपये कमाने का लालच दिया। उन्होंने भी आरोपियों के बताए हुए खातों में चार लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
जब उन्होंने मुनाफे के पैसे निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनसे और पैसों की डिमांड की। जिस पर उनको शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई हैं। वही सेक्टर 15 ए निवासी सविता ठाकुर ने बताया कि उनको पैसे निवेश करके मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। जिस पर उन्होंने 5 लाख 20 हजार रुपये निवेश कर दिए। थाना साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।