गोछी ड्रेन में कार गिरने से बृहस्पतिवार को हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-22 की मछली मार्केट के पास गोछी ड्रेन में बृहस्पतिवार देर रात हुए हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद नगर निगम की ओर से दीवार को 3 फीट ऊंचा बनाने की बात कहीं जा रही है। वहीं दूसरी ओर मृतक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शुक्रवार की देर रात सभी का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को गणपति पूजा से लौटते समय ड्रेन में कार गिरने से तीनों की मौत हो गई थी। इनमें संजय कॉलोनी निवासी पवन मोर्य, जवाहर कॉलोनी निवासी गौरव रावत और संजय एन्क्लेव निवासी अमित झा शामिल थे।
पवन के परिवार ने बताया कि तीनों दोस्त स्कूल में साथ पढ़ते थे। वे जवाहर कॉलोनी के एक ही स्कूल में पढ़े थे। परिजनों ने शुक्रवार देर शाम सभी का अंतिम संस्कार किया । वहीं दूसरी ओर इस मामले को लेकर अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि नाले में कार गिरने से जो हादसा हुआ है वह बहुत ही दुखद है। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा ना हो उसके चलते नाले के दोनों ओर 3 फीट की दीवार बनाई जाएगी। साथ ही अन्य नालों पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।