संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने शहर में तीन लोगों को अपना शिकार बनाकर चार लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। हेलीकॉप्टर से माता वैष्णो दवी मंदिर के दर्शन कराने के नाम पर ठगों ने एक युवक से करीब 42 हजार रुपये ठग लिए। वहीं जीवन बीमा पॉलिसी पर ज्यादा ब्याज का लालच देकर साइबर ठगों ने एसजीएम नगर निवासी एक व्यक्ति से 67 हजार रुपये ऐंठ लिए। अन्य मामले में सस्ता लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने जवाहर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। साइबर थाना पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
हेलीकॉप्टर से वैष्णो देवी के दर्शन कराने के नाम पर 42 हजार हड़पे
सेक्टर-76 निवासी राजवीर सोलंकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। इसमें माता वैष्णो देवी मंदिर जाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की बात लिखी थी। राजवीर को परिवार के साथ वैष्णो देवी मंदिर दर्शन के लिए जाना था। उन्होंने संदेश भेजने वाले को फोन कर अधिक जानकारी मांगी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर चैटिंग कर टिकट आदि की जानकारी भी दी। उन्होंने आरोपी के खाते में हेलीकॉप्टर के टिकट के लिए करीब 42 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाने बंद कर दिए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी।
जीवन बीमा पॉलिसी पर ज्यादा ब्याज का लालच देकर 67 हजार ठगे
एसजीएम नगर निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसके लिए पत्नी की जीवन बीमा पॉलिसी को बंद कर निवेश किए हुए पैसों को निकाल लिया। कंपनी ने उन्हें निवेश किए पैसे तो दे दिए लेकिन ब्याज नहीं मिला। इसके लिए वह एलआईसी कार्यालय से लगातार संपर्क में थे। अक्तूबर 2023 में उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से आदित्य नाम के युवक का फोन आया। आरोपी ने उन्हें एलआईसी पॉलिसी के ब्याज के पैसे दिलाने की बात कही। हां करने पर आरोपी ने उनकी कस्टमर आईडी बनाने का झांसा देकर 24,635 हजार रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद दूसरे व्यक्ति ने फोन कर बैंक वेरीफिकेशन व कस्टमर आईडी बनाने की बात कहकर 42,789 रुपये ऐंठ लिए। उन्हें दोनों आरोपियों ने पॉलिसी का ब्याज नहीं दिलाया और फोन उठाने बंद कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सस्ता लोन दिलाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी
जवाहर कॉलोनी निवासी आकाश पांडे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक बैंक से लोन ले रखा है। 29 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने उन्हें बताया कि बैंक उन्हें महंगे दाम पर ब्याज दे रहा है। वह सस्ते दाम पर लोन दिला सकता है। इसके लिए लोन के पैसों को बैंक को वापस कर दूसरे बैंक से सस्ते दर पर लोन ले लो। आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह दूसरे बैंक से लोन दिलाने में सहायता करेगा। इसके लिए आरोपी ने उनसे दो-तीन दिनों तक बात की। आरोपी ने बैंक खाता भेजकर उसमें लोन के करीब तीन लाख रुपये जमा करा लिए। इसके बाद आरोपियों ने फोन उठाने बंद कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।