संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मारुति डेवलपर्स से फौजी ने 60 गज का प्लॉट 8 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था। जमीन की रजिस्ट्री होने के बाद आरोपियों ने प्लॉट अन्य व्यक्ति को बेच दिया। आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो फर्जी चेक दे दिए। जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस आयुक्त को शिकायत की। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भैंस मारा जिला छपरा बिहार निवासी जय कुमार गिरी ने बताया कि वह फौजी है। उन्होंने गांव सीही में करीब 60 गज प्लॉट को मारुति डेवलपर्स के मालिक अरुण तेवतिया, गौरव मिश्रा, मनीष मिश्रा एवं नबोनाथ मिश्रा से 25 नवंबर 2021 को 8 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था। उनकी जमीन की बाउंड्री वॉल को तोड़कर आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। फौजी अपने चाचा हरिहर गिरि के साथ उमराव सिंह व आरोपियों से मिलने के लिए गए। उस दौरान आरोपियों ने पैसे वापस करने की बात करने पर एक शपथ पत्र और 8 लाख 80 हजार रुपये का चेक दे दिया। उन्होंने चेक को बैंक में जमा करवाया तो उनको पता चला कि चेक पर आरोपियों ने जो हस्ताक्षर किए है उसमें अंतर है। जिसके कारण चेक बाउंस हो गया। आरोपियों से दोबारा पैसे वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने धमकी दी। साथ ही झूठा केस दर्ज करवाकर नौकरी से निकालने की बात कहने लगे। इस मामले की शिकायत फरीदाबाद पुलिस आयुक्त से की। जिसके आधार पर थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।