थाना साइबर एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नेट बैंकिंग चालू करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 2 लाख 90 हजार की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने आप को बैंक कर्मचारी बताया था, जिसके चलते पीड़ित ने उसे क्रेडिट कार्ड का नंबर बता दिया। उसके बाद उसके खाते से 2 लाख 90 हजार रुपये कट गए। थाना साइबर एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसी नगर निवासी गजेंद्र कुमार ने बताया कि उसके पास एक युवक का फोन आया, उसने खुद को पीएनबी का कर्मचारी बताया। कॉलर ने कहा कि वह नेट बैंकिंग शुरू करना चाहते हैं। नेट बैंकिंग शुरू करने के लिए आरोपी ने उनसे उनका डेबिट कार्ड नंबर मांगा जो कि उन्होंने बता दिया। इसके बाद अगले दिन उनके खाते से 2 लाख 90 हजार रुपये कट गए। उन्होंने दोबारा उस कर्मचारी को फोन किया तो आरोपी ने उनसे कहा कि उनके पैसे गलती से किसी दूसरे खाते में चले गए हैं जो कि 24 घंटे में वापस आ जाएंगे, लेकिन पैसे वापस नहीं आए जिसके बाद वह बैंक में गए तो बैंक कर्मचारियों ने बताया कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, जिसकी सूचना उन्होंने 1930 पर कॉल करके दी। थाना एनआईटी साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।