फरीदाबाद। शहर में साइबर ठगों ने अपना जाल फैला रखा है। इसमें लोगों को मोबाइल पर फोन कॉल कर अपने जाल में फंसा कर ठगी का शिकार बना रहे हैं। फरीदाबाद के राहुल कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार से साइबर ठगों ने चर्चित टीवी कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के नाम पर करीब 1.60 लाख रुपये ठग लिए। जीवन भर की कमाई गंवाने के बाद पीड़ित परिवार चौकी, थाने, साइबर सेल व पुलिस आयुक्त कार्यालय के चक्कर काट रहा है।
एनआईटी थाना क्षेत्र के राहुल कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार के साथ यह घटना हुई। यहां रहने वाले शिवराम राय ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी बीके सिविल अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती हैं। उनका सोलह वर्षीय बेटा पवन मोबाइल फोन पर कौन बनेगा करोड़पति गेम खेलता था। एक दिन उसे एक मेसेज आया। उसमें एक लिंक था। इस पर गेम में शामिल होने की बात लिखी थी। पवन ने उसे क्लिक कर दिया। इसके बाद उसके पास साढ़े तीन लाख रुपये जीतने का मेसेज आया। साथ में अमिताभ बच्चन की एक फोटो भी भेजी।
यह बात उसने अपने माता-पिता को बताई। शो की हॉट सीट पर बैठे अमिताभ बच्चन की फोटो देख कर परिवार के लोगों को विश्वास हो गया। कुछ घंटे बाद फोन पर आरोपियों ने साढ़े तीन लाख जीतने के एवज में टैक्स के नाम पर कुल एक लाख 60 हजार रुपये अलग-अलग खातों में डलवा लिए। यह पैसे पवन के माता-पिता ने ब्याज पर लेकर आरोपियों के खाते में डाले।
दोबारा मांगी रकम, मना करने पर काटा फोन
रकम लेने के बाद आरोपियों ने क्राइम ब्रांच की निगाह में मामले के आ जाने का बहाना बना कर 17 हजार रुपये और मांगे। इस पर पीड़ित परिवार ने अपने पैसे वापस मांग लिए। यह सुनते ही आरोपियों ने फोन काट दिया।
अब पीड़ित परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। पीड़ित परिवार ने अपनी कमाई के साथ ब्याज पर पैसे लेकर डेढ़ लाख लुटा दिए। अब पुलिस से इंसाफ की मांग के लिए भी थाने व चौकी में धक्के खा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने चार नवंबर को मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त केके राव से भी की है। उन्होंने मामले में आरोपियों को तलाशने व इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया है।