-व्यक्ति को विवादित संपत्ति बेचा, अब रजिस्ट्री करने से मुकर रहे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 निवासी एक व्यक्ति से जालसाजों ने प्लॉट बेचने के नाम पर 52.50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने विवादित संपत्ति का सौदा कर रकम वसूलने के बाद रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद थाना सेंट्रल पुलिस ने 22 अप्रैल को चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सेक्टर-78 निवासी कर्मवीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने सेक्टर-76 स्थित पार्कलैंड्स प्रोजेक्ट में 502 वर्ग गज के प्लॉट का आधा हिस्सा (251 वर्ग गज) अमित भारद्वाज और कमल कुमार जोशी से 52.50 लाख रुपये में खरीदा था। इस सौदे के लिए उन्होंने पूरी राशि का भुगतान कर रसीद और इकरारनामा भी प्राप्त कर लिया था। जब उन्होंने रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तब पता चला कि मुख्य विक्रेता संजय भाटिया, विद्यादेवी, रमन अग्रवाल और निधि ने साजिश के तहत तथ्यों को छुपाया और अमित भारद्वाज और कमल कुमार जोशी के माध्यम से जमीन बेचकर धोखाधड़ी की। आरोपियों ने इकरारनामे में लिखवाया था कि प्लॉट पर कोई अदालती केस नहीं है, जबकि जमीन पर किसानों के साथ सिविल कोर्ट में विवाद चल रहा है। इसके अलावा आरोपियों ने कंपनी की देनदारी और पेनाल्टी के लाखों रुपये भी जमा नहीं कराए थे, जो इकरारनामे की शर्तों का उल्लंघन है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब बढ़े हुए रेट के लालच में रजिस्ट्री करने से मुकर रहे हैं। जब कर्मवीर और उनके साथी ने कानून का हवाला दिया तब आरोपियों ने जान से मरवाने की धमकी दी। आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल की गहन जांच के बाद डीसीपी मुख्यालय के आदेश पर पुलिस ने 22 अप्रैल को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।