फरीदाबाद। जिले में गैस बिल के भुगतान व खाता जांचने और वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर साइबर ठगों ने तीन अलग-अलग मामलों में 9,64,384 रुपये ठगी कर ली है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध एनआईटी और सेंट्रल थाना पुलिस ने 21 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेक्टर-46 निवासी रेवा शर्मा और उनके भाई उपेंद्र के खातों से फर्जी कॉल कर 20 सितंबर को 6,55,591 रुपये उड़ा दिए गए। ठगों ने गैस बिल के भुगतान की जांच का झांसा देकर अलग-अलग लेनदेन के जरिए यह रकम निकाली। दूसरी वारदात में, एनआईटी निवासी कमल कथूरिया से 18 सितंबर को व्हाट्सएप कॉल के जरिए पुराने गैस कनेक्शन का बिल बकाया बताकर लिंक भेजा गया। लिंक पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरवाकर ठगों ने 2,49,293 रुपये निकाल लिए थे। तीसरी घटना में, बीकॉम छात्रा स्नेहा को टेलीग्राम पर हैंडराइटिंग वर्क फ्रॉम होम देने का झांसा दिया गया। ठगों ने 5 व 6 सितंबर को 7 अलग-अलग लेनदेन के जरिए पंजीकरण और सुरक्षा राशि के नाम पर 59,500 रुपये ऐंठ लिए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि साइबर थाना पुलिस खातों व फोन नंबरों के जरिए जांच में जुटी है। संवाद