संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव नीमका स्थित जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अमृतसर निवासी जॉयपाल के रूप में हुई है, जो धोखाधड़ी के एक मामले में मार्च 2026 से जिला जेल में बंद था।
पुलिस के अनुसार जॉयपाल लंबे समय से मधुमेह (डायबिटीज) की बीमारी से पीड़ित था। शुक्रवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे सबसे पहले जिला जेल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, हालत में सुधार नहीं होने पर उसे तत्काल फरीदाबाद के बीके अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया।
बताया गया कि अस्पताल में उपचार के दौरान जॉयपाल को खून की उल्टी हुई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बंदी की मौत के मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।