बहन के लिव-इन पार्टनर ने युवक पर किए थे चाकू से वार, तीन आरोपी जेल भेजे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। संजय कॉलोनी में बहन के लिव-इन पार्टनर द्वारा युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान पर्वतीय कॉलोनी निवासी अभिषेक कुमार, दुर्गा कॉलोनी निवासी बंटी व जवाहर कॉलोनी निवासी तरन सिंह और कर्ण के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी अभिषेक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी राहुल ने शिकायत दी थी कि उसकी बहन अपने पति से अलग रहने के बाद जीवन नगर निवासी अभिषेक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। आरोप है कि 30 जून की शाम करीब 7:30 बजे अभिषेक अपने साथी करण उर्फ करला, बंटी और 10-15 अन्य युवकों के साथ राहुल के घर पहुंचा और चाकू से वार किए।