ग्रीन फील्ड के 4 संक्रमितों की पहली रिपोर्ट निगेटिव
फरीदाबाद में ग्रीन फील्ड में पांच संक्रमितों में से चार जल्द ही ठीक हो सकते हैं, इन चारों लोगों की कोरोना संक्रमण की पहली रिपोर्ट निगेटिव मिली है। दोबारा जांच में भी यदि रिपोर्ट निगेटिव मिलती है तो इन चारों मरीजों को स्वस्थ घोषित कर अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। साथ दो दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव मिले मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर के संपर्क में आए सभी 26 लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
नोएडा की सीजफायर कंपनी में काम करने वाले 52 वर्षीय व्यक्ति, उनकी 54 वर्षीय पत्नी व 26 वर्षीय बेटे में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद ईएसआईसी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इनकी पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह तीनों ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी हैं। इसी तरह एक अन्य ग्रीनफील्ड निवासी दंपती बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट व उनकी पत्नी में भी संक्रमण मिला था। कमांडेंट की पत्नी भी स्वस्थ होने के कगार पर हैं, उनकी पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी तरह मंगलवार को एक 26 वर्षीय एमपीएचडब्ल्यू में कोरोना की पुष्टि हुई थी। तबीयत खराब होने बाद वह सोनीपत स्थित अपने घर लौट गया था। उसके संपर्क में 26 एमपीएचडब्ल्यू आए थे। इन सभी कर्मचारियों को बीके सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। इन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस कारण सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
--
जिले में कुल 115 मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर हैं, इनमें से 26 कोरोना संदिग्ध माने जा रहे थे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं काफी बढ़ गई थी, खुशी है कि स्वास्थ्य कर्मी ठीक हैं। अब अन्य लोगों की जांच बिना किसी परेशानी के जारी रहेगी। सभी 26 एमपीएचडब्ल्यू की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 28 में से चार कोविड-19 के संक्रमितों की पहली रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। - डॉ. रामभगत, कोविड-19, नोडल अधिकारी, फरीदाबाद