13 क्षेत्रों में आवाजाही बंद, सुरक्षा चाक-चौबंद
फरीदाबाद में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए फरीदाबाद पुलिस ने 13 क्षेत्रों को पूरी तरह से सील कर सुरक्षा व्यवस्था को और चौकस कर दिया है। इन क्षेत्रों में किसी को भी घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। आवश्यक चीजों की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक व हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के प्रशासक की जिम्मेदारी लगाई गई है। इन क्षेत्रों में डोर-टू- डोर थर्मल स्कैनिंग का कार्य पूरा होने तक किसी प्रकर की छूट नहीं दी जाएगी। लोग फरीदाबाद में कोविड-19 से पीड़ित व्यक्ति की सूचना स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 0129-2415623, 88829-16056-10 पर दे सकते हैं। राशन से संबंधित एवं अन्य सुविधा के लिए जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 0129-2221000, 1, 2, 3, 4, 6, 7 और 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा पुलिस सहायता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100, पुलिस व्हाट्सएप नंबर 9999150000 पर संपर्क किया जा सकता है।
------
घर होगी जरूरी सामान की आपूर्ति
जिला सूचना विभाग के अनुसार उपायुक्त यशपाल यादव द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट है कि कंटेनमेंट जोन में राशन, दूध, दवाइयां, सब्जियां व किराना सामान सभी लोगों के घर पर पैकेट के रूप में पहुंचाया जाएगा। इसके लिए हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के प्रशासक व एचएसवीपी के प्रशासक आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। सामान डिलीवरी करने वाला व्यक्ति पूरी तरह सुरक्षा किट पहनकर घरों तक सामान पहुंचाएगा और इस दौरान वह किसी घर के न तो अंदर जाएगा और न ही किसी व्यक्ति से मिलेगा।
--
इन क्षेत्रों को किया गया है सील
इसी उद्देश्य से 13 क्षेत्रों को सील किया गया है। इन क्षेत्रों में ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-37, सेक्टर- 28, बड़खल गांव, सेक्टर- 16, सेक्टर- 11, फतेहपुर तगा, एसी नगर, रनहेड़ा, खोरी, सेक्टर तीन, चांदपुरा अरवा, मोहना शामिल हैं।