फरीदाबाद दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर दो कारों की टक्कर में चार घायल । संवाद
सेक्टर-29 पुल के पास देर रात हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-29 पुल के पास बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार दो कारों की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद कारों के पुर्ज सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार हादसे में मनीष, राजकुमार, जसप्रीत और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक घायल के पैर में फ्रैक्चर है। वहीं अन्य को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत है कि सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए। सड़क पर वाहन के टूटे हुए हिस्से बिखर जाने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी व घायलों को कारों से बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अब तक इस संबंध में किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच की जा रही है।