आरोपियों ने पुलिस के सामने भी की मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। तिगांव में एक प्लॉट की चहारदीवारी करने आए चार दोस्तों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में चारों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जैसे तैसे करके थाने पहुंचे तो आरोपियों ने थाने में भी पुलिस के सामने उनके साथ मारपीट की। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना तिगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के जैतपुर निवासी प्रकाश चौधरी ने बताया कि 8 जनवरी को गांव तिगांव में वह अपने साथी अमित, अरुण व अरविंद के साथ अपने प्लॉट पर चहारदीवारी करने के लिए लेबर लेकर गए थे। आरोप है कि तभी वीरपाल, उसका बेटा सुमित व उसका दोस्त अक्षय नागर 5-6 अन्य युवकों के साथ आए और गाली गलौज करते हुए उनसे मारपीट शुरू कर दी। जब उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी सुमित ने उसका फोन छीन लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।
सभी लोग आरोपियों से अपनी जान बचाकर थाना तिगांव पहुंचे। थाने में आने के बाद भी आरोपियों ने पुलिस के सामने फिर से झगड़ा किया। उस समय पुलिस ने आरोपी वीरपाल व सुमित को समझाया लेकिन वह नहीं माने और पुलिस कर्मचारियों के साथ भी बदतमीजी व झगड़ा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों को भी धक्का मारा। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।