राजस्थान के टोंक जिले में शनिवार सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। राजस्थान के टोंक जिले में शनिवार तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे में फरीदाबाद के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक फरीदाबाद से चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन करने के लिए निकले थे।
फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय जय सतीजा अपने दोस्तों हर्ष, अभय और यश के साथ कार से धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी कार जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर टोंक सदर थाना क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान अथियाना होटल के सामने अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में जय सतीजा के सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत चारों युवकों को कार से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को टोंक के सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जय सतीजा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके तीनों साथियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि जय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कुत्ते को बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है।