सीएनजी पंप के नाम ठगी करने पर चार गिरफ्तार
लैपटॉप, कंप्यूटर, सात फर्जी आईडी कार्ड, तीन मोबाइल, चार सिम, रजिस्टर व 3.50 लाख रुपये बरामद
आरोपियों के बैंक खाते में 70 लाख लेन-देन पाया गया, बल्लभगढ़ निवासी विशाल से ठगे थे 13.62 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। अदाणी के सीएनजी पंप की डीलरशिप दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को पटना और अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी साइबर क्राइम बल्लभगढ़ अमित यशवर्धन ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों की पहचान बिहार के शेखपुरा के गांव देवले निवासी अभिषेक कुमार, बिहार के नवादा के गांव असमां निवासी अभिषेक कुमार-दो, बिहार के गांव विद्यापुरा निवासी बंटी कुमार और सेक्टर-तीन निवासी विशाल के रूप में हुई है।
आरोपियों के बैंक खाते में 70 लाख लेन-देन पाया गया है। आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली में वारदात की है। आरोपियों ने बल्लभगढ़ के सेक्टर-दो निवासी विशाल से 13.62 लाख ठगे थे। आरोपियों ने अदाणी की सीएनजी पंप की डीलरशिप दिलाने के लिए तीन फर्जी वेबसाइट बनाई हुई है।
वेबसाइट पर कस्टमर आवेदन फॉर्म/ डीओ फॉर्म में जानकारी भरने पर कस्टमर का डाटा आरोपियों के पास आ जाता था। इसके बाद आरोपी अलग-अलग सर्विसेज के नाम पर अपने दिए हुए बैंक खातों में धोखाधड़ी की रकम को ट्रांसफर करते थे। साइबर सेल इंचार्ज नवीन ने बताया कि बिहार निवासी तीनों आरोपी दोस्त है, लेकिन आरोपी विशाल से उन्होंने वेबसाइट बनाने के लिए फोन के जरिए संपर्क किया।
-
हर आरोपी के थे अलग-अलग काम
पुलिस ने बताया कि आरोपी बी.एससी. पास अभिषेक कुमार डीलरशिप के लिए ई-मेल करना व फर्जी कागजात तैयार करके कस्टमर को भेजता था। वहीं 12वीं पास अभिषेक कुमार-दो अदाणी सीएनजी का अधिकारी बनकर कस्टमर से बात करता था, जबकि 12वीं पास आरोपी बंटी पैसे का लेन-देन करता था। वहीं एमसीए पास विशाल फर्जी वेबसाइट बनाता था।
-
पूछताछ के लिए रिमांड पर
आरोपियों के पास से लैपटॉप, कंप्यूटर, सात फर्जी आईडी, तीन मोबाइल, चार सिम, रजिस्टर व 3.50 लाख रुपये बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों को अलग-अलग दिन के लिए रिमांड पर लिया गया।