फोटो- नालों की नहीं हो रही सफाई, एक बार फिर जल भराव से जूझेंगे लोग
अमर उजाला अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में गंदगी से भरे नाले लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन रहे हैं। नाले के पास बसी कॉलोनी के लोगों के लिए यह परेशानी दोगुनी हो गई है। एक ओर उन्हें गंदगी से होने वाली बीमारियों का डर सता रहा है, वहीं दूसरी ओर बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या उन्हें दिन प्रतिदिन बेचैन कर रही है। इस समस्या पर स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। साथ ही अगर समय रहते नालों की सफाई नहीं करवाई गई तो मानसून में लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा।
सेक्टर और कॉलोनियों में बने नालों की समय पर सफाई न होने के कारण नाले गंदगी से भरे पड़े हैं। यही वजह है कि नालों से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। बीते दिन हुई बारिश में नालों का पानी सड़कों पर भर गया, जिसके बाद गंदा पानी घरों में भी प्रवेश कर गया। जलमग्न हुए शहर की स्थिति को देखकर भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों को डर है कि यदि मानसून में भी सफाई को लेकर अधिकारियों का रवैया ऐसा रहा तो लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी।
नीलम चौक स्थित नाला गंदगी से अटा है। नाला जाम होने के कारण इसमें पानी की निकासी नहीं हो सकती है। लोगों का कहना है कि नगर निगम अधिकारी अपने कार्यालय से 10 कदम दूर बने नाले की सफाई नहीं करा पा रहे हैं, तो शहर की स्थिति कितनी खराब होगी इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है। निगम के एसई ओमबीर सिंह ने बताया कि नालों की सफाई के लिए सीवर से सिल्ट निकालने का ठेका दिया जा रहा है, वहीं निगम भी अपने स्तर पर जेसीबी मशीन की मदद से सफाई करा रहा है।
लोगों से बातचीत
नाले गंदगी से अटे हैं, लेकिन नगर निगम अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
-संजय, स्थानीय निवासी।
-
नगर निगम कार्यालय से चंद कदम दूर नाले की सफाई नहीं करा पा रहा है। शहर का क्या हाल है इससे अंदाजा लगाया जा सकता है।
-संजय, स्थानीय निवासी।