संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे और टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर कमाई का झांसा देकर दो लोगों से 13.16 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दोनों मामलों में ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी व्यक्ति को व्हाट्सएप कॉल कर शेयर बाजार में निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। आरोपी महिला ने खुद को एक कंपनी की सहायक बताया था। इसके बाद पीड़ित से 9.66 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोहम्मद इरशाद और मोहम्मद बिलाल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में प्रिंस और सोमपाल पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोप है कि उन्होंने ठगी के दो लाख रुपये प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।
दूसरे मामले में जवाहर कॉलोनी निवासी व्यक्ति को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर टास्क पूरा करने के बदले कमाई का झांसा दिया गया। इसके बाद उससे 3.50 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी गौतम और प्रणय दुबे को गिरफ्तार किया है। दोनों दोस्त हैं और फाइनेंस का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, प्रणय ने गौतम का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के तीन लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।