साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच देकर 9.51 लाख रुपये की ठगी के मामले में 4 खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल में बसेलवा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट के बारे में एक विज्ञापन देखा और जब उस पर क्लिक किया तो उसको एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया गया। जहां प्रतिदिन मार्केट से जुड़ी जानकारी दी जाती थी। जहां पर उसने भी निवेश किया और ठगों के कहने पर 9.51 लाख रुपये विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खातों में भेज दिए ।जिसके बदले उसे कोई पैसा नहीं मिला। जिस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुनाल(23), शिवम वर्मा(26), रितिक (24) व शिवम शर्मा (24) निवासी मध्य प्रदेश को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कुनाल ने एक फर्म का खाता पारस व पीयूष से लेकर आगे शिवम वर्मा को दिया था। शिवम वर्मा ने आगे रितिक को रितिक ने आगे शिवम शर्मा को दे दिया।
शिवम शर्मा ने खाता आगे ठगों के पास पहुंचा दिया था। आरोपी कुनाल एमबीए पास, शिवम वर्मा 12वीं, रितिक 8वीं व शिवम शर्मा 12वीं पास है। जिनको न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। खाताधारक पारस व पीयूष को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है खाते में ठगी के 4.54 लाख रुपए आए थे।