फरीदाबाद। सेक्टर-2सी स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा में लगी ऑटोमैटिक डिपॉजिट मशीन से चोरों ने चार लाख 42 हजार रुपये चोरी कर लिए। बैंक के मुख्य प्रबंधक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक के मुख्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके बैंक परिसर में ऑटोमेटिक नकदी जमा व निकासी की मशीन लगी हुई है। दावा है कि किसी ने मशीन में छेड़छाड़ कर उसमें से 4 लाख 42 हजार 500 रुपये निकाल लिए।
19 जून को बैंक अधिकारियों ने मशीन में रखी नकदी का मिलान किया तो मामले का पता लगा। मिलान में करीब साढ़े चार लाख रुपये कम थे। मामले की जांच कर रहे एएसआई जावेद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मशीन से यह राशि कैसे निकली, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस के पास कुछ सीसीटीवी फुटेज आई हैं। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। बैंक प्रबंधक के मुताबिक पैसे 15 जून से 18 जून के बीच रुपये चोरी हुए। बैंक रिकॉर्ड में दर्ज खाता संख्या व मशीन में रिकॉर्ड हुए डाटा के आधार पर भी जांच की जा रही है।