अदालत ने दोषी करार देते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम के काम का बिल पास करने के बदले रिश्वत लेने के मामले में तत्कालीन जेई टेकचंद को चार साल जेल की सजा सुनाई गई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार की अदालत ने उन्हें दोषी करार देते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
टेकचंद को 19 मई 2020 को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। जेई टेकचंद ने ठेकेदार से पहले मेजरमेंट बुक (एमबी) पूरी करने के लिए 14 हजार रुपये की रिश्वत ली थी। इसके बाद बिल तैयार होने पर फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए दोबारा 14 हजार रुपये मांगे थे। रिश्वत नहीं देने पर जेई ने फाइल पर हस्ताक्षर करने से इन्कार कर दिया था। ठेकेदार ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की थी। शिकायतकर्ता ठेकेदार ने मई 2019 में सेक्टर-8 में पुरानी पानी की टंकी तोड़ने का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद बिल तैयार कराने के लिए एमबी पूरी होना जरूरी था। आरोप है कि टेकचंद ने इसके बदले ठेकेदार से 14 हजार रुपये रिश्वत ली। दूसरी बार रिश्वत मांगने पर ठेकेदार ने विजिलेंस से संपर्क किया। विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर टेकचंद को 14 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया था। जांच पूरी होने के बाद 1 सितंबर 2021 को अदालत में चालान पेश किया गया था।