मोहना गांव में हुई पंचायत में ग्रीन एक्सप्रेसवे के तहत यमुना पुल पर बनाए जा रहे बांध के निर्माण
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से समस्या के समाधान की मांग की
संवाद न्यूज़ एजेंसी
छांयसा। गांव मोहना स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में रविवार को ग्राम मोहना और मोहियापुर के किसानों व ग्रामीणों की पंचायत में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के तहत यमुना पुल के पास बनाए जा रहे बांध का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत की अध्यक्षता गिर्राज ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे बांध की जद में आने वाली किसानों की भूमि और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया जाता, तब तक बांध निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
पंचायत के बाद ग्रामीणों और किसानों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवा दिया। किसानों का कहना है कि बिना सहमति और उचित समाधान के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1978 से यमुना का पानी खेतों में भरने से हजारों एकड़ भूमि प्रभावित होती रही है, जिससे किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसानों ने प्रशासन से वर्ष 1978 से अब तक जलभराव से प्रभावित किसानों को फसल मुआवजा देने की मांग भी उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार प्रशासन और सरकार के समक्ष समस्या रखने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।
इस दौरान ओमी मेंबर, वीर सिंह थानेदार, नरेंद्र मास्टर, ईश्वर नंबरदार, किशन सरपंच, जयपाल फौजी, किसान नेता कुकरिया सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।