जिला नागरिक अस्पताल में बाल रोग वार्ड फुल, एक बेड पर दो-दो बच्चे भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लगातार बढ़ रही गर्मी अब बच्चों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। जिला नागरिक अस्पताल में बुखार, डायरिया, उल्टी, डिहाइड्रेशन और वायरल संक्रमण से पीड़ित बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्थिति यह है कि बाल रोग वार्ड पूरी तरह भर चुका है और एक बेड पर दो-दो बच्चों को भर्ती कर इलाज करना पड़ रहा है।
अस्पताल में सुबह से ही बच्चों को लेकर पहुंचने वाले अभिभावकों की लंबी कतारें लग रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप और गलत खानपान की वजह से अधिकतर बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। छोटे बच्चों में पानी की कमी और संक्रमण के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती बच्चे की मां शबाना ने बताया कि उसके बेटे को तेज बुखार और उल्टियों की शिकायत थी। अस्पताल पहुंचने पर वार्ड में जगह नहीं मिली, जिसके कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं किरण ने कहा कि गर्मी के कारण उसकी बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने से इलाज में भी समय लग रहा है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में बच्चों में वायरल बुखार, डायरिया और डिहाइड्रेशन के मामलों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि गर्मी में बच्चों को बाहर खेलने से बचाएं और पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं। खाने-पीने की चीजों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
डॉ. गोयल ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को ताजा और हल्का भोजन दें तथा बाहर का खुला खाना खाने से बचाएं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे को लगातार बुखार, उल्टी या दस्त की शिकायत हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रहा हैं।