बल्लभगढ़। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवक घायल हो गए, इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।
पहला हादसा फरीदाबाद के पाली क्षेत्र में हुआ। दिल्ली के तिगड़ी खानपुर निवासी रोहन और पवन अपने दो अन्य दोस्तों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए फरीदाबाद आए थे। चारों दोस्त दो बाइकों पर सवार होकर बरात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की ट्रैक्टर के साथ टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को बीके अस्पताल पहुंचाया गया। जहां रोहन और पवन की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
वहीं दूसरा हादसा पाली चौक पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही थार गाड़ी ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद