-विद्यार्थियों के व्यावसायिक और व्यावहारिक कौशल को विकसित करना है उद्देश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में स्किल डिपार्टमेंट ऑफ बैंकिंग एंड फाइनेंस के तत्वावधान में सोमवार को पांच दिवसीय स्किल एज कॉम्पिटिशन 2026 का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यावसायिक और व्यावहारिक कौशल को विकसित करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर ज्योति राणा ने कहा कि विद्यार्थियों में कौशल का स्पष्ट विजन होना चाहिए क्योंकि प्रबंधन कौशल ही उनकी सफलता की नींव है। उन्होंने कहा कि असफलता भी एक अनुभव है, जो आगे चलकर सफलता का आधार बनती है। इसके साथ ही विद्यार्थियों से टेक्नोलॉजी का उपयोग अपनी प्रगति के लिए करने का आह्वान किया। प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर एस. के. सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति कौशल आधारित शिक्षा पर जोर देती है। कॉर्पोरेट क्षेत्र में सफलता के लिए स्किल्स का होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने संचार कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष डॉ. समर्थ सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 11 इवेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अकाउंटिंग बैटल, पिच परफेक्ट, कॉर्पोरेट थिएटर, एक्यू बिज, कॉर्पोरेट कैनवास, केस कनेक्ट, बिज क्वेस्ट, इंटरव्यू, कैंपस टाइकून, डिजी प्रो और मार्केट विजार्ड शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक सोच को विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. योगेश वर्मा, डॉ. प्रियंका गर्ग, डॉ. सुनील, डॉ. अर्चना, डॉ. कोमल सहित कई शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।