निवेश पर मुनाफे का झांसा व क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का दिया था लालच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर मुनाफे का झांसा देने, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए आगे पहुंचाने जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने ऐसे तीन अलग-अलग साइबर ठगी मामलों की जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि कुछ आरोपियों ने ठगी की रकम हासिल करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए, जबकि एक आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से ठगी कर खरीदे गए मोबाइल फोन कम कीमत पर खरीदकर आगे बेचने का काम किया। पहले मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 91.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले पवन कुमार निवासी विनोद नगर, पूर्वी दिल्ली, गौरव त्यागी निवासी बालाजी विहार, गाजियाबाद और जितेंद्र निवासी लोह मंडी, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि इंद्रजीत के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 12.50 लाख रुपये आए थे। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दूसरे मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 27,802 रुपये ठगने के आरोप में शिव शंकर उर्फ राघव निवासी संगम विहार, दक्षिण दिल्ली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह नेहरू प्लेस में मोबाइल फोन की दुकान चलाता था और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड से खरीदे गए मोबाइल अब्दुल से कम कीमत में खरीदकर आगे बेचता था। उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। तीसरे मामले में 6.61 लाख रुपये के ऑनलाइन निवेश फर्जीवाड़े की जांच में दिल्ली की जेल में बंद रोहित बिष्ट को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। उसके खाते में 2.20 लाख रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अब खातों और पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़कर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।