साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पंजाब से पकड़े आरोपी
आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 7.92 लाख रुपये की ठगी में 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में पंजाब जालंधर के कपिल देव बनौट, रोहित राय, अजय कुमार, लुधियाना के रहने वाले अरुण चौहान और गुरइकबाल सिंह शामिल हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राहुल व अजय एक सैलून पर काम करते हैं। इनकी मुलाकत अरूण और गुरइकबाल से हुई थी, जिन्होंने उनको कमीशन पर खाता लाकर देने को कहा। राहुल और अजय ने कपिल का बैंक खाता लेकर उन्हें दिया। आरोपी कपिल के खाते में ठगी के 3.69 लाख रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-34 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ठगों ने उनके पिता से व्हाट्सएप पर बात करके एक एप डाउनलोड करवाई। उस पर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश करवाना शुरू किया। शिकायतकर्ता ने 7.92 लाख रुपये निवेश कर दिए लेकिन रिफंड मांगा तो एप बंद हो गई। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।