पकड़े गए दोनों आरोपी नूंह के रहने वाले
आरोपियों को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 3 लाख रुपये की ठगी में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मेवात नूंह के रहने वाले हसन मोहम्मद और राशिद खान शामिल हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हसन खाताधारक है। इसने अपना बैंक खाता अपने गांव के ही रहने वाले राशिद को दिया था। हसन के खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-56 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फेसबुक पर उनके पास एक लड़की की फ्रेन्ड रिक्वेस्ट आई, जिसके बाद उनकी बातचीत शुरू हो गई। फिर युवती ने शिकायतकर्ता को शेयर बाजार में निवेश कर अच्छा लाभ दिलवाने के लिये बोला। युवती की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न खातों में निवेश के लिये 3 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब रिफंड के लिए कहा तो और रुपये मांगे जाने लगे। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।