अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने की कार्रवाई, रंजिश के चलते की थी पिटाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। संजय कॉलोनी इलाके में मारपीट से घायल छात्र रवि की मौत के बाद सोमवार को उसके शव का पोस्टमार्टम हुआ। वहीं सोमवार को ही अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में संजय कॉलोनी का कृष्णा (21), प्रेस कॉलोनी के मोहित उर्फ चमन (23), विकास (22), जवाहर कॉलोनी के निखिल (18) व रोनित (18) शामिल हैं।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कृष्णा व मृतक रवि की आपस में पहले कहासुनी हुई थी। दोनों आपस में एक-दूसरे पर कटाक्ष करते थे। कृष्णा ने अपने परिवार में बुआ के लड़के मोहित उर्फ चमन को इस बारे बताया। मोहित 30 दिसंबर को अपने अन्य साथी निखिल, रोनित व विकास के साथ कृष्णा से मिला और इन्होंने उसी दिन शाम के समय संजय कालोनी में ही पानी के प्लांट पर बैठे रवि पर लाठी डंडों से हमला कर दिया और मौके से भाग गये। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर टीम आगामी कार्रवाई कर रही है।
मुजेसर थाना इलाके की संजय कॉलोनी में ये वारदात 30 दिसंबर को हुई थी। पानी के प्लांट पर बैठे रवि व उसके दोस्त पर कुछ लड़कों ने डंडों से हमला किया और भाग गए। इस दौरान रवि को गंभीर चोट लगी और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रविवार को रवि की मौत हो गई थी। मामले में पहले मारपीट व जानलेवा हमला की दर्ज एफआईआर में पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ी। सोमवार को अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।