अलग-अलग बहाने बनाकर की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 7.49 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने परिचित बनकर, गिफ्ट भेजने के नाम पर, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुलवाने, पानी का बकाया बिल, ई-चालान का लिंक भेजकर ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामलों में जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत ब्रिजेश कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 16 दिसंबर को ठग ने परिचित बनकर संपर्क किया। आरोपी ने रुपये ट्रांसफर करने का फर्जी मैसेज भेजकर 74999 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में पता चला कि इनके बैंक खाते में तो रुपये आए ही नहीं थे।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत गुरप्रीत सिंह ने दी है। इनका कहना है कि 19 अक्तूबर को ठग ने गिफ्ट भेजने के नाम पर संपर्क कर 41500 रुपये ठग लिए। आरोपी ने अलग-अलग चार्ज के बहाने ये ठगी की।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेंट्रल इलाके के रहने वाले गौरव ने दी है। इनका आरोप है कि 28 नवंबर से 24 दिसंबर के दौरान ठग ने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुलवाने को लेकर ठगी की। आरोपी ने अलग-अलग चार्ज के नाम पर 61450 रुपये ठग लिए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सुमित नामक व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 15 नवंबर को इन्हें पानी का बिल बकाया बताकर कनेक्शन काटने का मैसेज आया। ठग ने बिल भरवाने के नाम पर 164304 रुपये ठग लिए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ इलाके के रहने वाले जयप्रकाश ने दी है। इनका आरोप है कि 17 दिसंबर को ठग ने इन्हें संपर्क कर बताया कि आपके कार्ड पर सशुल्क सेवा सक्रिय है। इसको हटाने के नाम पर निजी जानकारी लेकर 62173 रुपये ठग लिए गए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत राकेश कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 12 दिसंबर को ठग ने ई-चालान का लिंक भेजा। लिंक खोलकर चालान भुगतान का प्रयास किया तो इनका मोबाइल हैक हो गया। बाद में पता चला कि खाते से 344882 रुपये ठग लिए गए हैं।