फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: एक करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर मोबाइल शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग

विज्ञापन
विज्ञापन
- 20-25 राउंड चलाई गईं गोलियां, गोलियों की आवाज से गूंज उठा बाजार
विज्ञापन

- दुकानों के अंदर दुबक गए दुकानदार, अन्य दुकानों पर भी फायरिंग करते बदमाश फरार
- करीब दो माह पहले मांगी गई थी रंगदारी, न देने पर बनाया दहशत का माहौल

संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एक करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर शहर के सबसे नामी मोबाइल फोन विक्रेता ट्रिपल नाइन टेलीकॉम पर शुक्रवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। हाथों में हथियार लेकर पहुंचे करीब पांच-छह बदमाशों ने दुकान पर पहुंच कर मालिक के बारे में पूछा और एकाएक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने ताबड़-तोड़ 20 से 25 राउंड फायरिंग की। भागते हुए बदमाशों ने अन्य दुकानों पर भी फायरिंग की, जिससे पूरी मार्केट गोलियों की आवाज से गूंज उठी। दुकानदारों ने अपने शटर बंद कर लिए और दुकान के अंदर दुबक गए। बदमाश हाथों में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। हैरत की बात यह है कि वारदात के दौरान सोहना मोड बूथ पुलिस सहित भारी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे, परंतु उसके बावजूद बदमाशों बड़ी ही आसानी से निकल गए।
जिला नागरिक अस्पताल मोड़ के समीप बनी मोबाइल मार्केट में शहर की नामी दुकानें स्थित हैं। सबसे पुराने व नामी ट्रिपल नाइन टेलीकॉम भी यहीं पर मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार दुकान के मालिक प्रवीण छाबड़ा से जनवरी माह में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। मामले की शिकायत छाबड़ा ने पुलिस को देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने प्रवीण छाबड़ा को एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करा दिया। करीब दो माह से प्रवीण के साथ सुरक्षाकर्मी रह रहा है। शुक्रवार को जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, दुकान संचालक प्रवीण अपने घर पर मौजूद थे। दुकान पर न मिलने के कारण वह बच गए। गोली चलने की सूचना मिलते ही शहर, सदर व कैंप थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। पूरी मार्केट को छावनी में बदल दिया गया। कुछ ही देर बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अंशु सिंगला, डीएसपी दिनेश यादव व नरेश कुमार सहित जिले की पुलिस फोर्स काफी संख्या में मौके पर पहुंच गई। मौके पर विधायक दीपक मंगला, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, भाजपा नेता संजय गुर्जर के अलावा व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी पहुंच गए और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घटना स्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी की डीवीआर को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान शुरू कर दी है।
विज्ञापन

इस तरह दिया वारदात को अंजाम
शुक्रवार सुबह करीब सवा नौ बजे ट्रिपल नाइन टेलीकॉम दुकान खुली। दुकान खुलते ही सफाई कर्मी पीछे सफाई करने लगा। एक युवक आगे काउंटर पर बैठ गया, जबकि दूसरा मोबाइल फोन सही स्थान पर रखने लगा। एक मोबाइल फोन कंपनी का प्रमोटर भी मौके पर खड़ा था। इसी दौरान पांच-छह युवक आए और कहा कि प्रवीण कहां है। काउंटर पर बैठे युवक ने कहा कि वह अभी घर से नहीं आए हैं। इतना कहते ही युवकों ने हथियार निकाले और दुकान पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही सभी युवक काउंटर के पीछे छिप गए। बदमाशों ने दुकान से बाहर निकल कर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुन सभी दुकानदार दुकानों में छिप गए। वापस जाते समय बदमाशों ने अन्य दुकानों पर भी फायरिंग की और हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी की आसानी से फरार हो गए। आरोपियों ने दुकान से थोड़ी दूर पर अपनी बाइक खड़ी की हुई थी, जिन पर बैठकर वे राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ फरार हो गए। वारदात दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। बदमाशों ने चेहरे पर कपड़ा भी नहीं बांधा हुआ था।

दिन का समय होता तो हो सकता था बड़ा हादसा
ट्रिपल नाइन टेलीकॉम शहर की सबसे पुरानी दुकान है। दुकान पर पलवल के अलावा साथ लगते जिलों के लोग भी मोबाइल फोन खरीदने आते हैं। दुकान पर दिन के समय दो दर्जन से ज्यादा कर्मचारी, मोबाइल फोन कंपनी के प्रमोटर मौजूद रहते हैं। इसके अलावा पूरा दिन ग्राहकों की लाइन लगी रहती है। दुकान के अंदर दिन के समय 50 से 100 लोग मौजूद रहते हैं। यदि दिन के समय बदमाशों ने हमला किया होता तो जानमाल का काफी नुकसान हो सकता था। लोगों की मानें तो बदमाश सुबह के समय दुकान खुलते ही सिर्फ दहशत बनाने के उद्देश्य से आए थे।
विज्ञापन

शहर में दहशत का माहौल
गोलीबारी की इस वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल है। व्यापारी वर्ग में काफी डर बैठ गया है। व्यापारियों की मांग है कि शहर में व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान की जाए और साथ ही इन बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि आज बदमाश इस कदर हावी हैं कि जिससे चाहे रंगदारी मांग लेते हैं। पुलिस का बिल्कुुल भी बदमाशों को डर नहीं है। व्यापारी राजेंद्र, सुनील व ओम प्रकाश ने मांग की है कि पुलिस व्यापारी पर गोली चलाने वाले बदमाशों को तुरंत गिरफ्तार करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें