कूड़े और झुग्गियों में सबसे ज्यादा घटनाएं, सेक्टर-15 फायर स्टेशन पर आठ घटनाएं दर्ज
फरीदाबाद। दिवाली बीतने के बाद भी शहर में पटाखों का शोर नहीं थमा और सोमवार को आग की घटनाएं सामने आई। शहर के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की 23 घटनाएं हुईं। इनमें सबसे ज्यादा 11 घटनाएं कूड़े में आग की रहीं। छह मामलों में झुग्गियों में आग लगी। इसके अलावा झाड़ियों और जंगल में दो, दुकानों में दो, कार में एक और पेड़ में एक जगह आग लगी।
सेक्टर-15 फायर स्टेशन पर सबसे ज्यादा आठ घटनाएं सामने आईं। सेक्टर-31 पर पांच, एनआईटी पर चार, आईएमटी पर तीन, सेक्टर-25 पर दो और बल्लभगढ़ में एक घटना हुई। सबसे ज्यादा घटनाएं सेक्टर-46 में हुईं, जहां पांच जगह आग लगी। इनमें चार झुग्गियों में आग थीं। इसके अलावा सेक्टर-9, 12, 16, 16ए, 17, 21बी, 69 और 86 में भी आग लगी। पल्ला फ्लाईओवर, डबुआ मंडी, एतमादपुर, जीवन नगर और बृजवासी चौक में भी दमकल को पहुंचना पड़ा। अग्निशमन अधिकारी राकेश ने बताया कि सभी जगह सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं और समय से मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। संवाद