बीके अस्पताल के पास दशहरा मैदान में लगी दुकानें, अनार, फुलझड़ी और चकरी की रही मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार दोपहर को एनआईटी दशहरा मैदान में पटाखा बाजार सज गया। बाजार में शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग परिवार और बच्चों के साथ खरीदारी करने पहुंचते रहे। शाम होते ही मैदान में रौनक बढ़ गई। दुकानों पर बच्चों और युवाओं की भीड़ दिखाई दी। लोग अपनी पसंद के पटाखे देखने के साथ दुकानदारों से उनकी कीमत और विशेषताओं की जानकारी लेते नजर आए।
पटाखा बाजार में अनार, फुलझड़ी, चकरी और रॉकेट जैसे पटाखों की मांग दिखाई दी। दुकानदारों का कहना है कि वे दुकानों पर ग्रीन पटाखे ही बेच रहे हैं। इस बार खरीदार भी पटाखे लेते समय उनके ग्रीन होने की जानकारी पूछ रहे हैं। कई परिवार बच्चों की पसंद के अनुसार अलग-अलग तरह के पटाखे खरीद रहे हैं। खरीदारी करने पहुंचे मोहित ने बताया कि दिवाली पर बच्चों में पटाखे चलाने का खास उत्साह रहता है। पटाखों के बिना त्योहार का मजा अधूरा लगता है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए वे ग्रीन पटाखे ही खरीद रहे हैं। एक ही जगह पर कई तरह के पटाखे मिलने से परिवारों को खरीदारी में आसानी हो रही है।
दुकानदार सुखवीर ने बताया कि इस बार ग्रीन पटाखों की मांग अच्छी है। ग्राहक दुकान पर पहुंचकर सबसे पहले ग्रीन पटाखों के बारे में पूछते हैं। दिवाली नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारों की संख्या बढ़ रही है। दुकानदारों को त्योहार के दिन तक अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।
यह होते हैं ग्रीन पटाखे
- ये पारंपरिक पटाखों के मुकाबले कम प्रदूषण करते हैं और इन्हें सीएसआईआर-नीरी ने विकसित किया है।
- इनमें बेरियम नाइट्रेट जैसे हानिकारक रसायन नहीं होते या बहुत कम होते हैं।
- इनसे धुआं और धूल कम निकलती है।
- इनकी आवाज भी सामान्य पटाखों से कम होती है।
- असली ग्रीन पटाखों पर नीरी का लोगो और क्यूआर कोड होता है, जिसे स्कैन कर जांचा जा सकता है।
समयसीमा खत्म होने के बावजूद पटाखों की बिक्री हुई
जिला प्रशासन ने ग्रीन पटाखे बेचने के लिए दशहरा मैदान एनआईटी, सूरजकुंड मेला पार्किंग ग्राउंड, दशहरा ग्राउंड बल्लभगढ़, दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-31, सेक्टर-12 ग्राउंड आईओसीएल के सामने, फत्तू फॉर्म खेड़ी रोड, कैलगांव-खंदावली रोड, बीडीपीओ रेस्ट हाउस, छांयसा को चिन्हित किया था। छह नवंबर तक ही पटाखे बेचे जा सकते थे। इसके बावजूद एनआईटी दशहरा मैदान सहित कई स्थानों पर पटाखों की बिक्री देखी गई। उधर, एडीसी अंजलि शोत्रिया ने बताया कि छह नवंबर तक ही पटाखे बेचे जा सकते थे। यदि पटाखे बेचे जा रहे हैं तो इसकी जांच करवाई जाएगी।