सुरक्षा को ध्यान में रखते लिया गया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फरीदाबाद दमकल विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सेक्टर-25 स्थित दमकल केंद्र से जारी आदेश के अनुसार 22 अक्टूबर तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
कार्यालय सहायक मण्डल अग्निशमन अधिकारी की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दिवाली के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग में कार्यरत सभी कर्मचारियों की साप्ताहिक छुट्टियां और अन्य सभी प्रकार के अवकाश रद्द किए जाते हैं।
आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर तत्पर रहना होगा ताकि किसी भी अग्निकांड या अन्य आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सेक्टर-25 के दमकल केंद्र के अधिकारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान शहर में आतिशबाजी और दीयों से आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए सभी केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और टीमों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।