-कमरे में खेल रहे थे पांच बच्चे, पड़ोसियों ने समय रहते निकाला बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-23 संजय कॉलोनी में पानी गर्म करने के दौरान एक कमरे में आग लग गई। इस दौरान घर में खेल रहे पांच मासूम कमरे में फंस गए। गनीमत रही कि पड़ोसियों ने बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। घर का सारा सामान आग में जलकर राख हो गया। बच्चों को बाहर निकालने के लिए दरवाजा तोड़ना पड़ा। घटना सोमवार शाम की है।
चंद्रपाल नाम का व्यक्ति यहां परिवार के साथ रहते है। सोमवार को वह पत्नी के साथ ड्यूटी गए हुए थे। घर पर बच्चे अकेले थे। दोपहर में उनके तीन बच्चों के साथ पड़ोस के दो बच्चे भी आकर खेलने लगे। गैस पर पानी भी गर्म करने के लिए चढ़ा रखा था। बच्चों ने हाथ सेंकने के लिए लकड़ियों में आग लगानी चाही और ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। इससे घर के कपड़ों व अन्य सामान में आग लग गई। धुएं के कारण बच्चे कमरे के अंदर फंस गए। आग पूरे घर में फैल गई। पड़ाेसियों ने दरवाजा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला और आग बुझाने की कोशिश की। घर में मौजूद बच्ची मुस्कान का कहना है वह सर्दी से बचने के लिए आग सेंक रहे थे। इस दौरान आग फैल गई। संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी सुंदर सिंह का कहना है आग से घर का सामान जल गया। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।