शॉर्ट सर्किट से लगी आग, तीन दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सारन चौक के पास मेटल बॉक्स औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पहले शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते फैक्टरी से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। धुएं का गुब्बार काफी दूर तक दिखाई देने लगा।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्टरी में कूलर बनाने का कार्य किया जाता है। घटना के समय फैक्टरी में दो कर्मचारी कार्य कर रहे थे। आग लगने पर कारखाने से दोनों कर्मचारी बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। फैक्टरी के एक कर्मचारी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी है। आग लगने के बाद दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।
फैक्टरी में रखा सारा प्लास्टिक का सामान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने को दौरान एक दमकल कर्मचारी को हाथ में चोट लग गई। मौके पर ही उपचार दिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।